शामली। कैराना रोड ई-रिक्शा लूटने वाला युवक सपा नेता का भाई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से एक ई-रिक्शा और तमंचा बरामद किया। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
मोहल्ला रैदासपुरी निवासी सतीश शनिवार की रात रेलवे स्टेशन से ई-रिक्शा में तीन सवारियां कैराना के लिए लेकर चला। कैराना रोड पर नर्सिंग होम के पास तीनों सवारियों ने उसे तमंचे के बल पर रुकवा लिया और बंधक बनाकर पास के प्लॉट में फेंक दिया। किसी तरह बंधन मुक्त होकर सतीश ने अपने परिजनों को सूचना दी।
इस दौरान परिजनों ने कैराना में अपने रिश्तेदारों को सूचना दे दी। अगले दिन रविवार को उनके रिश्तेदारों ने एक युवक को सतीश की ई-रिक्शा के साथ देख लिया। जिस पर उन्होंने पीछा करना शुरू कर दिया और सतीश को भी सूचना दे दी। सतीश व उसके परिजनों ने आरोपियों को नहर पुल पर पकड़ लिया।
इस बीच दो आरोपी फरार हो गए, जबकि एक आरोपी को उन्होंने पकड़ कर धुनाई कर दी। उसने अपनी पहचान गंगोह निवासी शाहिद के रूप में बताई। जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की, तो पता लगा कि आरोपी का नाम मोहम्मद मियां पुत्र अता मोहम्मद मोहल्ला पीरजादगान थाना गढ़ीपुख्ता के रूप में हुई। यह सपा युवजन सभा के जिलाध्यक्ष राशिद पहलवान का सगा भाई है। कोतवाली प्रभारी सतीश राय ने बताया कि आरोपी मोहम्मद मियां को जेल भेज दिया गया।
सपा युवजन सभा के जिलाध्यक्ष राशिद पहलवान का कहना है कि पकड़ा गया आरोपी उनका भाई है, लेकिन उससे परिवार का कोई वास्ता नहीं है। उसकी नशे की हालत के चलते काफी समय पूर्व ही परिवार के लोगों ने उससे संबंध तोड़ दिए थे। वह अपनी ससुराल गंगोह में ही पिछले काफी समय से रह रहा है।