बिजनौर में किरतपुर मार्ग पर गांव झलरा के पास बाइक को टक्कर मारकर भाग रही कार ट्रक में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार और कार चालक की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। सदर विधायक रुचिवीरा और पूर्व विधायक शाहनवाज राणा के आश्वासन पर जाम खोला।
क्षेत्र के गांव झलरा निवासी 30 वर्षीय वकील उर्फ छुट्टन मजदूरी करता था। बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे वकील गांव के ही अपने साथी हसीन व शादाब के साथ बाइक से काम पर जा रहा था। गांव से कुछ ही दूरी पर पीछे से आई एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार वकील की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथी हसीन व शादाब घायल हो गए।
दोनों को निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद भाग रहा कार चालक बिजनौर के सुरेंद्रनगर कालोनी निवासी पंकुल रोहिला गांव पेदा के पास उसकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में पंकुल घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल लाया गया।
वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में वकील की मौत की सूचना पर झलरा के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। उन्होंने पौड़ी हाईवे पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। ग्रामीण मौके पर ही मुआवजे की मांग करने लगे। सदर विधायक रुचिवीरा और पूर्व विधायक शाहनवाज राणा में मुआवजे का आश्वासन दिया, तब जाकर जाम खोला।
इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।