शामली/बाबरी। खेत की डोल कटने के विवाद पर बाबरी क्षेत्र के गांव भनेड़ा जट में एक ही खानदान के दो पक्षों में टकराव हो गया। एक पक्ष से यूपी पुलिस के सिपाही को गोली मारकर घायल कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल सिपाही को मेरठ रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी हुई है।
थाना बाबरी क्षेत्र के गांव भनेड़ा जट निवासी राजकुमार यूूपी पुलिस में सिपाही है और इन दिनों वह नोएडा में तैनात है। बुधवार को राजकुमार छुट्टी पर गांव आया हुआ था। वहीं, उसके पिता धारा सिंह खेत पर गन्ने की बुवाई कराने गए हुए थे। बुवाई के दौरान खानदान के ही सोहनपाल पक्ष के खेत की डोल कट गई।
इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि सोहनपाल और उसके भाई अंशु पुत्र फूल सिंह ने धारा सिंह को पीट दिया। वहां से घर आकर धारा सिंह ने घटना के बारे में अपने बेटे राजकुमार को सूचना दी।
इसके बाद राजकुमार आरोपी पक्ष के घर शिकायत करने गया। आरोप है कि वहां सोहनपाल और उसके साथियों ने राजकुमार को घेर लिया तथा लाइसेंसी बंदूक से उसे गोली मार दी। गोली राजकुमार के पेट में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। घायल राजकुमार को परिजनों ने शामली लाकर प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया।
वहां से प्राथमिक उपचार के बाद राजकुमार को मेरठ रेफर कर दिया गया। उधर, सूचना पर बाबरी थाना पुलिस भी गांव में पहुंची तथा दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने आ गई। वहीं, एसपी डॉक्टर अजय पाल शर्मा ने भी बाबरी थाने पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी की।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि राजकुमार के पेट में लगी गोली ऑपरेशन के दौरान निकाल ली गई है। अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है, क्योंकि दूसरे पक्ष ने भी राजकुमार और उसके परिजनों पर आरोप लगाए हैं।
दूसरे पक्ष्ा ने भ्ाी लगाया अारोप
बाबरी थाना पुलिस जब भनेड़ा जट गांव में पहुंची, तो घटनास्थल से पुलिस को एक कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी सोहनपाल की लाइसेंसी बंदूक भी कब्जे में ले ली है। आरोपी सोहनपाल और अंशु ने ने बताया कि राजकुमार ही अपने कुछ साथियों को लेकर उनके मकान पर हमला करने की नीयत से पहुंचा था। घर में घुसकर उन्होंने परिवार की महिलाओं को पीटा, जिसमें ओमवीरी पत्नी ऋषिपाल का हाथ भी टूट गया।