शामली। सोमवार शाम दूध लेने जा रहे दस वर्षीय बालक के साथ तीन किशोरों ने कुकर्म किया। आरोपियों ने उसकी अश्लील वीडियो बनाकर व्हाट्सएप पर वायरल कर दी। मामले की जानकारी होने पर परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। तीनों से पूछताछ की जा रही है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी एक दस वर्षीय बालक सोमवार की शाम दूध लेने के लिए जा रहा था। नाला पटरी पर आते हुए दयानंद नगर निवासी तीन किशोरों ने उसको पकड़ लिया और उसे पास में ही सुनसान जगह पर ले गए। आरोप है कि तीनों ने उसके साथ आतंकित करते हुए कुकर्म किया और डरा-धमका कर चुप रहने की चेतावनी दी।
इस दौरान एक आरोपी ने अश्लील वीडियो बना ली और उसको व्हाट्सएप पर वायरल कर दिया। परिजनों तक जब यह वीडियो पहुंची तो उन्होंने इस संबंध में बालक के जानकारी ली।
घटना से गुस्साए परिजन रात में ही कोतवाली पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। देर रात तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। बालक को मेडिकल के लिए भेजा गया है।