थानाभवन। मोटरसाइकिल सवार महिला (50) की रोडवेज बस की चपेट में आकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों व ग्रामीणों ने घटना के विरोध में कई बार जाम लगाने का प्रयास किया। जाम की स्थिति बनने से कई घंटे यातायात बाधित रहा।
बुधवार दोपहर करीब दो बजे भैंसानी इस्लामपुर निवासी बाइक सवार नौशाद अपनी मां जुलेखा, पत्नी शहजादी, पांच माह की बच्ची सहमा के साथ दवा लेने आया आया था। दवाई और अन्य सामान लेने के कारण बाद वह गांव लौट रहा था। जैसे ही वह मुख्य बस स्टैंड के पास स्थित मदरसे के सामने पहुंचा, तो जलालाबाद की ओर से शामली की ओर जा रही यूपी रोडवेज की बस की पास से गुजरते समय साइड की चपेट में उनकी बाइक आ गई।
इस दौरान महिला जुलेखा बाइक से गिर गई, जिस कारण बस का पिछला पहिया उसके ऊपर से उतर गया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के तुरंत बाद चालक बस को छोड़ मौके से फरार हो गया।
मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। नौशाद ने घटना की सूचना गांव में परिजनों को दी। इस पर परिजन व ग्रामीणों ने घटना के बहुत देर बात तक भी पुलिस के नहीं पहुंचने पर हंगामा शुरू कर दिया।
हादसे से नाराज लोगों ने दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर जाम लगाने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई।
सूचना पर सीओ सुनील त्यागी व थाना प्रभारी एमएस गिल पुलिस बल के साथ पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों और क्षेत्राधिकारी की बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। ग्रामीणों का आरोप था कि सौ नंबर पर सूचना देने व घटनास्थल से थाना व क्षेत्राधिकारी कार्यालय 100 गज की दूरी पर होने के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
पुलिस के समझाने के बाद परिजनों का गुस्सा शांत हुआ और तब जाकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के भतीजे कल्लू ने बस चालक के खिलाफ तहरीर दी है।