कैराना। ब्लाक प्रमुख चुनाव का नतीजा आने पर हर्ष फायरिंग में लाइसेंसी हथियारों का इस्तेमाल भी किया गया था। पुलिस ने चिह्नित किए लोगों के तीन शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने के लिए डीएम को रिपोर्ट भेजी है। अन्य लाइसेंसी शस्त्र धारकों की पहचान कराई जा रही है, जो हर्ष फायरिंग के दौरान अपने असलहे लेकर पहुंचे थे।
अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार झा ने बताया कि हर्ष फायरिंग के दौरान तमंचों के अलावा लाइसेंसी हथियारों का भी प्रयोग होना जांच में सामने आया है। इसके आधार पर तीन लाइसेंस धारियों की पहचान की जा चुकी है जिन्होंने हर्ष फायरिंग में अपने लाइसेंसी हथियारों का इस्तेमाल किया था।
राशिद, साजिद और गुलशन निवासी ग्राम गोगवान के लाइसेंस निरस्त कराने के लिए डीएम को रिपोर्ट भेज दी गई है।उधर, कैराना कोतवाली प्रभारी एमएस गिल ने बताया कि कांधला क्षेत्र से सादिक और असलम निवासी खंद्रावली को तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया।
उक्त दोनों आरोपियों ने कैराना में हर्ष फायरिंग भी की थी। इसकी जानकारी वीडियो रिकार्डिंग से हुई है। हर्ष फायरिंग मामले में अब तक पांच लोगों की गिरफ्तारी कर ली गई है। वीडियो फुटेज के आधार पर पहचाने गए अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।