जलालाबाद। कस्बे के गंगोह रोड पर बृहस्पतिवार को दो पक्षों में हुए पथराव और फायरिंग गोली लगने से मरे एक युवक के भाई की तरफ से पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसमें नामजद महिला नजराना को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गमगीन माहौल में युवकों के शव सुपुर्द-ए-खाक कर दिए गए। घटना को लेकर दूसरे दिन भी तनाव की स्थिति बनी रही। इसके चलते पुलिस, पीएसी और आरआरएफ के जवान भी तैनात रहे।
बृहस्पतिवार शाम गंगोह रोड पर नई बस्ती निवासी करीम बेग और हिफजान उर्फ शोबी खान पक्ष के लोगों में गाली-गलौज के बाद टकराव हो गया था। एक तरफ से पथराव किया गया तो दूसरे पक्ष के लोगों ने मकान की छत से गोलियां बरसाई थीं। झगड़े के दौरान गोली लगने के कारण मुजाहिद पुत्र मंजूर खान निवासी मोहम्मदीगंज और सलमान पुत्र युसुफ निवासी मोहल्ला करीमबख्स की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
देर रात मुजाहिद के भाई मसकूर की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस ने परवेज पुत्र सनाउल्ला, अर्सी पुत्र निसात खान, हिफजान खान उर्फ शोबी, सरदार खान समी पुत्र सरदार खान और नजराना पत्नी हिफजान के खिलाफ हत्या, बलवा, जानलेवा हमला और 7 क्रिमिनल एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई। आरोपी नजराना को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार दोपहर आरोपी नजराना को कोर्ट में पेश करके पुलिस ने जेल भेज दिया।
वहीं, इस मामले के बारे में सीओ थानाभवन सुनील कुमार त्यागी ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास चल रहा है। फिलहाल घटना में मारे गए मुजाहिद के भाई की तरफ से रिपोर्ट दर्ज हुई है। झगड़ा करने वाले दोनों पक्षों की तरफ से कोई तहरीर नहीं आई है। एहतियातन दोनों पक्षों के मकानों के आसपास पुलिस तैनात रही। आरोपियों को छोड़ा नहीं जाएगा।