शामली। फ्रीडम 251 मोबाइल लांच करने वाले रिंगिंग बेल्स कंपनी के एमडी मोहित गोयल की गिरफ्तारी से उसके पिता राजेश कुमार ने किनारा कर लिया है। उनका कहना है कि मैं तो अपना व्यापार संभाल रहा हूं, मुझे नहीं पता मोहित ने क्या किया है और क्यों उसकी गिरफ्तारी हुई है।
रिंगिंग बेल्स कंपनी के एमडी मोहित गोयल के पिता राजेश कुमार शामली में रेलवे रोड पर किरयाना की दुकान करते हैं। बृहस्पतिवार को गाजियाबाद के सिहानी गेट थाने में गाजियाबाद निवासी अक्षय मल्होत्रा ने कंपनी के एमडी मोहित गोयल तथा जीएम अनमोल गोयल सहित जीएम अनमोल गोयल, धारणा गर्ग और प्रेसीडेंट अशोक चड्ढा तथा सुमित कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी मोहित गोयल को गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि कंपनी का जीएम अनमोल गोयल भी शामली के माजरा रोड का रहने वाला है। उसके पिता सुनील कुमार बारदाना व्यापारी हैं।
उधर, मोहित गोयल की गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को जब रेलवे रोड पर उसके पिता से उनकी दुकान पर पहुंचकर बात की गई, तो उन्होंने इतना ही कहा कि मोहित गोयल के कार्य से उनका कोई ताल्लुक नहीं है। समाचार पत्रों में मोहित गोयल की गिरफ्तारी का पता लगा, लेकिन वह अपने बेटे से मिलने गाजियाबाद भी नहीं गए।
मोबाइल देने का करता था दावा
मोहित गोयल ने फरवरी 2016 में फ्रीडम 251 मोबाइल लांच करके देशभर में सुर्खियां बटोर ली थीं। 251 रुपये में एंड्रायड फोन देने के लिए देशभर से ऑनलाइन बुकिंग कराई गई थी, लेकिन बाद में मामला खटाई में पड़ गया था। इसके बाद जब भी मोहित गोयल शामली आया, तो वह यही कहता था कि मैंने कुछ गलत नहीं किया, बल्कि जिन लोगों ने बुकिंग कराई है, उन्हें मोबाइल फोन की डिलीवरी दी जाएगी। बुकिंग करने वाले शामली के भी कुछ लोगों को फ्रीडम 251 मोबाइल फोन दिया गया था।