शामली। पांवटी कला में वांछितों को गिरफ्तार करने गई कैराना पुलिस पर हुए हमले के बाद पुलिस सख्त दिखाई दे रही है। मुकदमा दर्ज करने के बाद अब पुलिस आरोपियों के खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई करने की तैयारी में जुट गई है। एसपी शामली ने पुलिस पर हमला करने के दोषियों के खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई करने की बात कही है।
पांवटी कला गांव में धोखाधड़ी के मामले में वांछित और स्मैक बेचने के आरोपी को पकड़ कर ला रही पुलिस पर लोगों ने हमला कर दिया। पुलिस टीम पर आरोपी पक्ष के लोगों ने पथराव और फायरिंग कर दी। इतना ही नहीं एक दरोगा आदेश कुमार को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई करते हुए वर्दी फाड़ दी। भीड़ ने दरोगा की वर्दी की डोरी से उसका गला घोंटने की कोशिश की। साथी पुलिस कर्मियों ने यदि साहस दिखाते हुए दरोगा को नहीं छुड़ाया होता तो बड़ी घटना हो सकती थी।
गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का किया गठन
पुलिस पर हमला करने के आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की भूमिका भी पुलिस ने तैयार कर ली है। तत्काल इस मामले में एसपी डा. अजय पाल शर्मा ने तीन टीमों का गठन कर दिया गया तथा पुलिस कर्मियों को जल्द ही पुलिस पर हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
आरोपियों के घर में तोड़फोड़ का आरोप
शामली/कैराना। भीड़ द्वारा हमला करके पुलिस को पीटने के बाद भारी संख्या में थानों से पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। पुलिस को देखकर हमलावर तो फरार हो गए, लेकिन गुस्साई पुलिस ने आरोपी के परिवार के एक घर में तोड़फोड़ कर गुस्सा उतारा। जिस पर परिवार के लोगों ने पुलिस के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
आरोप है कि पुलिस ने वहां पर आरोपियों के घरों में घुसकर तोड़फोड़ की तथा आलिम के घर में पड़ी चारपाइयाें, फ्रिज, गैस चूल्हा, बरतन आदि तोड़ दिए। कामिल की पत्नी ने बताया कि घटना के समय वह अपनी बेटी के साथ खेत पर गई हुई थी। पुलिस ने उनके भी घर में घुसकर सारा सामान तोड़ दिया है। उधर पुलिस ने घरों में तोड़फोड़ की बात से इंकार किया है।
पुलिस पर फेंका सिलेंडर
कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया के नेतृत्व में पुलिस फोर्स ने हमले के बाद आरोपियों के घरों में दबिश दी। जहां से पुलिस ने हमलावरों के फरार हो जाने के बाद आरोपी के घर से 2 फावडे़, दरांती, चार कारतूस के खोके, दो गैस सिलेंडर व पुलिस की प्लेट लगी एक डिस्कवर बाइक बरामद कर ली।
कोतवाली प्रभारी उमेश कुमार रोरिया का कहना है कि हमलावरों ने गैस सिलेंडर पुलिस के ऊपर फेंका। आरोपियों ने पुलिस को जलाने का भी प्रयास किया। कोतवाली प्रभारी के अनुसार आलिम पर मुकदमा दर्ज है तथा वह स्मैक की तस्करी कराता है। आरोप है कि उसके घर से जो पुलिस लिखी बाइक मिली है उसी बाइक से वह स्मैक तस्करी कराता है।
वहीं, देर शाम कोतवाली पुलिस ने हमले में घायल दरोगा आदेश कुमार, दरोगा देव सिह रावत, दरोगा जितेंद्र सिंह व कांस्टेबल शकील घायल हो गए थे। देर शाम एसपी के आदेश पर सभी घायल पुलिसकर्मियों का सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया गया है।
20 पर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज
कैराना। पांवटी कला में पुलिस को दौड़ा-दौड़ा कर पीटने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित 20 हमलावरों के विरुद्ध जानलेवा हमला करने, ड्यूटी के दौरान सरकारी कर्मचारी पर हमला करने, सरकारी काम में बाधा डालने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू करदी है। कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि रविवार को ग्राम पांवटी कला में दबिश के दौरान भीड़ ने पुलिस पर हमला करके तीन दरोगा व एक कांस्टेबल को घायल कर दिया था। हमलावरों ने अवैध हथियारों से पुलिस पार्टी पर फायर भी किए थे। मामले में दरोगा आदेश कुमार की तहरीर पर मास्टर आलिम निवासी पांवटी कला सहित 20 हमलावरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों के नाम की गोपनीयता इसलिए रखी गई है ताकि नाम पता लगने के बाद आरोपी नहीं हो सके और पुलिस उनको जल्द गिरफ्तार कर सके।
इन धाराओं में हुआ मुकदमा
पुलिस ने इस मामले में खाकी पर हमले के आरोप में आईपीसी की धारा 323,, 332, 353, 307, 504, 506 व 7 क्रिमिनल एक्ट व 25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।