फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छात्रा सोनी कश्यप हत्याकांड पर भड़का आक्रोश

Thu, 21 Dec 2017 11:43 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/ शामली
विज्ञापन
शामली कलक्टेट में धरने पर बैठी महिलाएं। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
शामली में छात्रा सोनी हत्याकांड से गुस्साए कश्यप समाज ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हत्यारों को फांसी दो का नारा लगाते हुए पुलिस प्रशासन और प्रदेश सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। लोगों का कहना है कि यदि शासन प्रशासन ने मामले में गंभीरता से कार्रवाई नहीं की और पीड़ित परिवार को इंसाफ नहीं मिला, तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।
विज्ञापन


बृहस्पतिवार पूर्वाह्न करीब दस बजे पूर्व सांसद एवं भारतीय कश्यप निषाद मेहरा आदिवासी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप के नेतृत्व में कश्यप समाज के लोग शामली कलक्ट्रेट में इकट्ठा हुए। इस दौरान नरेंद्र कश्यप ने कहा कि 13 दिसंबर को गांव गढ़ीश्याम में छात्रा सोनी की हत्या से पूरा समाज आहत है। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए तथा पीड़ित परिवार की सहायता मिलनी चाहिए। सपा नेता एवं पूर्व मंत्री किरणपाल कश्यप ने कहा कि आज वह नेता कहां हैं, जो रुड़की की युवती के साथ हुई घटना को लेकर शामली में सड़क जाम करते थे, जबकि अब जिले में ही कश्यप समाज की बेटी की निर्मम हत्या कर दी गई, पर वह कुछ नहीं बोल रहे। उन्होंने कहा कि कश्यप समाज को कमजोर समझने की भूल न करें। इस मामले पर शामली जिले से लेकर लखनऊ और दिल्ली तक लड़ाई लड़ी जाएगी। पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाएंगे। वहीं, सपा नेता सुधाकर सिंह कश्यप ने कहा कि हमें एकजुट होकर इस प्रकरण में इंसाफ की लड़ाई लड़नी है। इनके अलावा उदयवीर कश्यप सहारनपुर, ओमपाल कश्यप दिल्ली, नरेश कश्यप सोनीपत, रामधारी कश्यप जानसठ, संजय कश्यप बागपत, नीटू कश्यप, रमेशचंद कश्यप प्रधान, श्रवण कश्यप, सपा जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी, लोकेश कश्यप, संजीव कश्यप आदि ने भी विचार व्यक्त किए। सभी ने कहा कि छात्रा सोनी की हत्या से कश्यप समाज में आक्रोश है। यदि इंसाफ नहीं मिला, तो हम शांत नहीं रहेंगे। इसी बीच एक प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह से मुलाकात कर उन्हें छह सूत्री ज्ञापन देकर मांगे पूरी कराने की मांग की। अंत में दो मिनट का मौन रखकर छात्रा सोनी की आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना की गई। धरने का संचालन एडवोकेट रामकुमार कश्यप ने किया। इसके बाद अपराह्न करीब तीन बजे धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।

सोनी न्याय संघर्ष समिति का गठन
कलक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन के दौरान ही सोनी न्याय संघर्ष समिति का गठन किया गया। उसमें पूर्व सांसद नरेंद्र कश्यप, किरणपाल कश्यप, उदयवीर कश्यप, ओमपाल कश्यप, नीटू कश्यप, संजय कश्यप, संजीव कश्यप, विकास कश्यप, एडवोकेट रामकुमार कश्यप और सुधाकर सिंह कश्यप सहित 15 लोग समिति में शामिल हैं। यह समिति मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से मुलाकात कर प्रकरण के संबंध में न्याय की मांग करेगी। साथ ही अधिकारियों से संपर्क में रहकर प्रकरण पर कार्रवाई के संबंध में जानकारी लेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन


डीएम को दिया छह सूत्री ज्ञापन
- हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।
- हत्यारोपियों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई कराई जाए।
- केस की पैरवी मजबूती से हो तथा पुख्ता साक्ष्य जुटाए जाएं।
- पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये आर्थिक सहायता दिलाई जाए।
- केस की सुनवाई पूरी होने तक वादी, गवाह, परिवार और पैरोकारों की सुरक्षा कराई जाए।
- लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें