कैराना। झिंझाना से कैराना आ रही प्राइवेट बस में पांच बदमाशों ने परिचालक और चालक को पीटकर घायल कर दिया और 4500 रुपये से भरा थैला लूट लिया। परिचालक को बचाने के प्रयास में एक यात्री भी घायल हो गया। कैराना कोतवाली पहुंचकर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मामले की जांच करने में लगी है।
शनिवार शाम साढ़े 6 बजे झिंझाना से सवारियां बैठाकर बस चालक कैराना आ रहा था। जैसे ही बस भूरा में बाईपास पर मंदिर के निकट पहुंची, तो पांच युवक हाथों में डंडे लेकर बस में चढ़ गए तथा परिचालक अंसार निवासी चांदपुरा को डंडों से पीटने लगे। चालक इरफान निवासी अकबरपुर सुनहेटी ने बस रोक कर अंसार को बचाने का प्रयास किया, तो युवकों ने उसके साथ भी मारपीट की।
इस दौरान बस यात्री मोहल्ला गुम्बद निवासी सुन्दर ने हमलावरों का विरोध किया तो उसको भी पीटा गया। बाद में हमलावर किराये के 4500 से भरा थैला छीनकर बस से कूदकर फरार हो गए। इसके बाद चालक बस लेकर कैराना कोतवाली पहुंचा तथा मामले की तहरीर दी।
मकान में सेंध लगाकर लाखों की चोरी
शामली। चोरों ने नगर के टीचर्स कॉलोनी में बंद पड़े मकान को निशाना बना लिया और वहां से 50 हजार रुपये की नगदी और लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। शनिवार को शादी समारोह से लौटने पर परिवार को घटना का पता चला।
कालोनी निवासी मनोज कुमार 19 जनवरी को अपने परिवार सहित बागपत के सरूरपुर गांव में रिश्तेदारी में एक शादी समारोह में गया हुआ था। इसी दौरान चोर बराबर में एक अन्य मकान की छत से होकर मनोज के बंद मकान में घुस गए। चोरों ने कमरों का ताला तोड़कर पूरा मकान खंगाल दिया। परिजनों के अनुसार चोरों ने वहां से नगदी, जेवरात समेत करीब चार लाख रुपये की चोरी की। मकान में चोरी होने की बात पर पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।