कांधला। बस में सवार शराब सेल्समैन पर बदमाशों ने युवती से छेड़छाड़ का आरोप लगाया। सेल्समैन को बस से नीचे उतारकर पीटा और दो लाख रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने कांबिंग कराई, मगर बदमाशों का सुराग नहीं मिल सका।
जनपद सुल्तानपुर के गांव टिकोनिया निवासी संदीप पुत्र दया बिहारी अंग्रेजी शराब के ठेके पर सेल्समैन है। संदीप कस्बा कांधला और देहात क्षेत्र में खोले गए शराब के ठेकों से शराब बिक्री के रुपयों का कलेक्शन लेकर शामली स्थित कार्यालय में जमा कराता है। रविवार को पूर्वाह्न करीब साढ़े दस बजे संदीप करीब दो लाख रुपये लेकर बस से शामली जा रहा था। जैसे ही बस कस्बे से मात्र दो किलोमीटर दूरी पर नानुपुरी गांव के पास पहुंची, तो बस की खिड़की के पास खड़े एक युवक ने बस रुकवा ली।
उसने सेल्समैन संदीप पर बस में खड़ी युवती से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए पीटना शुरू कर दिया और उसे बस से नीचे उतार लिया। बस के रुकते ही बदमाश के दो साथी भी वहां पहुंच गए। वह भी संदीप को पीटने लगे। इसके बाद बस लेकर चालक शामली की तरफ रवाना हो गया। संदीप का कहना है कि तीनों बदमाश उसे पूर्वी यमुना नहर पटरी की तरफ ले गए और वहां पिटाई करने के बाद उससे रुपयों से भरा थैला लूटकर फरार हो गए। बदमाशों के भागने पर पीड़ित संदीप ने राहगीरों की मद्द से पुलिस को सूचना दी।
थानाध्यक्ष अनुराधा सिंघल ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर बदमाशों की तलाश में घंटों कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग पाया। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष अनुराधा सिंघल का कहना है कि लूट की सूचना मिली है। सेल्समैन से भी पूछताछ की जा रही है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।