शामली। मोहल्ला पंजाबी कालोनी में मीटर ठीक करने आए विद्युतकर्मियों पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने पैसे मांगने का आरोप लगा उनके साथ मारपीट की। बाद में पुलिस पहुंची और युवकों को थाने ले आई।
शनिवार को मोहल्ला पंजाबी कालोनी निवासी खेमचंद के यहां दो युवक मीटर ठीक करने पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने मीटर खराब बता बदलने के नाम पर दस हजार रुपये मांगे। खेमचंद ने भाकियू कार्यकर्ता विनोद निर्वाल व अन्य को बुला लिया और मीटर ठीक करने आए दोनों युवकों को पकड़ लिया। इस दौरान भाकियू कार्यकर्ताओं ने युवकों के साथ मारपीट की।
उनका कहना था कि दोनों युवक बिजली विभाग के कर्मी नहीं हैं और फर्जी रूप से मीटर ठीक करने के बहाने अवैध वसूली कर रहे हैं। हंगामा बढ़ने पर आदर्श मंडी पुलिस पहुंची और दोनों युवकों को वहां से निकालकर थाने ले आई।
आदर्श मंडी एसओ राजबहादुर सिंह ने बताया कि दोनों युवकों की वेरिफिकेशन कराई गई। दोनों युवक बिजली विभाग के कर्मी हैं और उनका मीटर की रीडिंग को लेकर विवाद हुआ था। बाद में थाने में दोनों पक्षों का समझौता हो गया।