शामली। कादरगढ़ पुलिस चौकी पर साथियों और परिजनों के साथ हमला बोलने वाला नौशाद बेहद शातिर है। पिछले छह माह से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन हर बार वह चकमा देकर फरार हो जाता था।
बदमाश नौशाद पर थानाभवन, रतनपुरी व बाबरी थाने में चोरी, लूट व गोकशी के मुकदमे दर्ज है। इनमें थानाभवन में दो चोरी के मामले, बाबरी में गोकशी व लूट तथा रतनपुरी में गोकशी का एक मामला दर्ज है। थानाभवन पुलिस को पिछले करीब छह माह से चोरी के मामलों में नौशाद की तलाश थी, लेकिन पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका था।
पुलिस ने कई बार उसके घर पर दबिश दी, लेकिन शातिर नौशाद हर बार पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाता था। मंगलवार को भी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे पकड़ने के लिए चेकिंग अभियान चलाया था। कादरगढ़ पुलिस चौकी पर भी दरोगा व दो पुलिसकर्मियों को लगाया गया था।
खुद को फंसता देख नौशाद ने साथियों के साथ पुलिस पर हमला बोल दिया। उसने यहां से भागने की कोशिश की, लेकिन पकड़ा गया। थानाभवन थानाध्यक्ष कुलदीप कुमार ने बताया कि पिछले छह माह से पुलिस को चोरी के मामले में उसकी तलाश थी, लेकिन वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ रहा था। अब उसके साथियों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।