शामली। परिवार को बंधक बनाकर डकैती करने और दो लोगों के अपहरण की सूचना पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन फानन में पुलिस सकौती गांव में पहुंची, तो मामला रुपयों के लेन-देन का निकला।
चौसाना के सकौती गांव में बृहस्पतिवार को राजेंद्र का परिवार अपने किसी रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में जा रहा था, उसी दौरान घर पर दो रिश्तेदार आ गए। इस दौरान घर पर राजेंद्र का नौकर मौजूद था। तभी करीब आठ बदमाशों ने घर में घुसकर रिश्तेदारों और नौकर को बंधक बना लिया। बदमाशों ट्रैक्टर-ट्रॉली में घर का सारा सामान, नौ तोले सोना, पचास हजार की नगदी, चांदी के आभूषण आदि लाद लिए।
लूटे गए माल और दोनों रिश्तेदारों का अपहरण कर यमुना नदी के रास्ते बिड़ौली तक जा पहुंचे। जैसे ही बिड़ौली पहुंचे तो ट्रैक्टर में तेल खत्म हो गया। जिसके बाद बदमाश भाग खडे़े हुए।
पीड़ितों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, लेकिन वहां से कोई जवाब नहीं मिला। बाद में सूचना पर चौसाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। सुबह होने पर पीड़ित पक्ष ग्रामीणों के साथ चौकी पहुंचे और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने जैसे ही पीड़ितों से पूछताछ शुरू की तो मामला रुपयों के लेनदेन का निकला। बताया जाता है कि दोनों पक्षों ने मिलकर आपस में फैसला कर लिया है। पुलिस डकैती की झूठी सूचना देने वालों पर कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। अधिकारियों से वार्ता की जा रही है।
किसान के घेर से पशु चोरी
जलालाबाद/कैराना। चोरों ने कुरैशी चौक स्थित किसान के घेर के दरवाजे का तोड़कर कई पशु चोरी कर लिए। घटना का पता सुबह लगा। पीड़ित ने तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। किसान चौधरी शब्बीर अहमद का घेर जामा मस्जिद की बराबर में है। बृहस्पतिवार रात वह परिवार के साथ सो रहा था।
बराबर में घेर के अंदर दो भैंस और एक भैंसा बंधा था। चोरों ने करीब दो बजे घेर के बड़े किवाड़ों का ताला तोड़कर पशु चोरी कर ली। चोरी का पता शब्बीर को सुबह लगभग चार बजे लगा। लोगों ने जलालाबाद पुलिस चौकी पर सूचना दी। चौकी प्रभारी संदीप कुमार ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। उधर, कस्बे के रेलवे रोड पर ऋषिपाल, मेहरचंद का घेर है।
वहां पर भी चोरों ने घुसकर दिन में ही साइकिल, मोबाइल व अन्य सामान चोरी कर लिया। ऋषिपाल ने एक व्यक्ति को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी है। उधर, कैराना के गांव गंदराऊ निवासी इमरान चौहान ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि गांव में उनके मकान के बराबर में ही घेर है। रात्रि में चोरों ने घेर की दीवार तोड़ ली और तीन भैंस, तीन कटिया और एक कटड़ा चोरी कर लिया। शुक्रवार सुबह जागने पर देखा तो पता चला कि घेर की दीवार टूटी हुई हैं तथा घेर में बंधे दो लाख रुपये से अधिक के पशु गायब हैं।