कैराना। जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए कैराना निवासी फरहत खान को 11 महीना पूर्व स्थानीय पुलिस ने क्लीन चिट दे दी थी। तब राज्यसभा सांसद मुनव्वर सलीम का निजी सचिव बनने पर पुलिस से उसकी जांच कराई गई थी। लेकिन तब उसे क्लीन चिट दे दी गई थी।
अब फरहत खान की गिरफ्तारी होने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों और उससे संपर्क रखने वालों की सूची बनानी शुरू कर दी है। फरहत खान के मोहल्ले के लोग इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
कैराना के मोहल्ला बेदोवाला निवासी फरहत खान के पिता शफात खान कान सफाई करने का काम किया करते थे। फरहत खान का बड़ा भाई मुसर्रत खान बिस्कुट और ब्रेड की सप्लाई करता है। फरहत खान के दो छोटे भाई हरियाणा में मजदूरी करते है।
गौरतलब है कि फरहत खान ने नगरपालिका परिषद कैराना के वार्ड सभासद का चुनाव भी लड़ा। लेकिन उसमें वह हार गया था। इसके बाद राजनीतिक संबंधों का फायदा उठाकर वह नामित सभासद बन बैठा था।
बता दें कि 11 माह पूर्व फरहत खान जब राज्यसभा सांसद मुनव्वर सलीम का निजी सचिव बनने जा रहा था तो कैराना पुलिस ने फरहत खान की जांच की थी। उसमें खान को क्लीन चिट दे दी गई। अब फरहत खान की जासूसी मामले में गिरफ्तारी के बाद पुलिस हरकत में आई है।
उधर, पुलिस फरहत खान के परिवार के लोगों, रिश्तेदारों और जानकारों की सूची बना रही है। पुलिस ने बीते कई दशक के आपराधिक रिकार्ड खंगाला। लेकिन अभी तक कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं मिला। सीओ कैराना भूषण वर्मा ने बताया कि कैराना कोतवाली में फरहत पर पहला कोई आपराधिक मामला नहीं मिला है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
संबंधित खबरें पेज आठ पर