कैराना। गांव पावटी कलां में रात के समय खेत पर पानी चला रहे किसान को आधा दर्जन हथियारबंद हमलावरों ने पुरानी रजिंश के चलते गोली मारकर घायल कर दिया। सूचना पर यूपी डायल -100 गाड़ी मौके पर पहुंची और घायल को सरकारी अस्पताल पहुंचा। डाक्टरों ने किसान को पानीपत रेफर कर दिया। मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई।
रविवार रात करीब 8ः30 बजे गांव निवासी बिजेन्द्र अपने छोटे भाई विनोद के साथ खेत की सिंचाई कर रहा था। विनोद टयूबवेल से कुछ ही दुरी पर था, इसी बीच आधा दर्जन हथियारबंद हमलावर वहां पहुंचे और बिजेन्द्र को गोली मार दी।
गोली बिजेन्द्र के सीने में दाहिनी और लगी। गोली की आवाज सुनकर जैसे ही विनोद अपने भाई के पास पहुंचा तो हमलावरों ने विनोद के ऊवर भी एक फायर किया। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। विनोद ने यूपी डायल 100 पर फोन किया, जिसके बाद पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल को सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
सूचना पर सीओ भूषण वर्मा और कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया भी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में डाक्टरों ने बिजेन्द्र की गंभीर हालत के चलते पानीपत रेफर कर दिया। अस्पताल में विनोद ने बताया कि हमलावर उन्हीं के गांव के थे और उनके परिवार से पुरानी रजिंश रखते हैं। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।