कैराना। पानीपत रोड पर हथियार बंद बदमाशों ने कार चालक से तमंचों के बल पर 67 सौ रुपये व कार लूट ली। वारदात के बाद बदमाश धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित चालक ने कोतवाली में तीन नामजद सहित आधा दर्जन बदमाशों के विरुद्ध तहरीर दी। पुलिस मामले को आपसी लेन-देन का मान रही है।
कांधला निवासी मुकरिम कैराना में किराए पर टैक्सी चलाने का काम करता है। बृहस्पतिवार सांय 4 बजे मुकरिम अपनी कार लेकर पानीपत रोड पर जा रहा था।
तभी पंजीठ तिराहे के पास पहले से ही घात लगाकर बैठे आधा दर्जन बदमाशों ने तमंचों के बल पर उसकी कार रुकवा ली। बदमाशों ने मुकरिम को तमंचों से आतंकित करते हुए मुकरिम के साथ मारपीट की तथा उससे 67 सौ रुपये व कार लूट ली। बाद में बदमाश गोली मारने की धमकी देते हुए फरार हो गये। बाद में पीड़ित ने कोतवाली में पहुंचकर तीन नामजद सहित 6 बदमाशों के विरुद्ध तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी एपी भारद्वाज ने बताया कि तहरीर मिली है मामला आपसी लेनदेन का बताया जा रहा है।