कैराना। पिछले एक माह में रंगदारी मांगने के छह मामले सामने आ चुके हैं। मुकदमे भी दर्ज किए गए, यही नहीं पुलिस ने बदमाशों को भी चिह्नित कर लिया। बावजूद इसके आज तक उन्हें पकड़ा नहीं जा सका है।
एक सितंबर को चौक बाजार स्थित परचून के थोक व्यापारी सचिन को फोन पर पांच लाख की रंगदारी की धमकी मिलने के बाद पुलिस ने दुकान पर कांस्टेबल तैनात कर दिया। मोहल्ला आलदरम्यान में डॉ. दानिश के मकान पर 10 लाख की रंगदारी की चिट्ठी आने के बाद उनका परिवार कस्बे से पलायन कर गया।
16 सितंबर बेगमपुरा बाजार में बिजली के सामान के व्यापारी राजकुमार सिंघल की दुकान पर खुद बदमाश ने पहुंचकर रंगदारी की मांग की। इससे पांच दिन पूर्व किसान धर्म कांटे के मालिक और पूर्व ब्लाक प्रमुख के पौत्र गौरव चौहान के धर्म कांटे में 10 लाख की रंगदारी की चिट्ठी और एक कारतूस मिला।
शामली रोड पर प्लाईवुड की दुकान करने वाले व्यापारी और गांव झाड़खेड़ी निवासी सुरेश चंद सैनी के भतीजे की दुकान पर पांच लाख की रंगदारी की चिट्ठी बदमाशों ने चस्पा कर दी थी। पुलिस ने सभी मामलों में मुकदमे दर्ज कर लिए और बदमाशों को टारगेट भी कर लिया। लेकिन आज तक रंगदारी के कुख्यात फुरकान, चेयरमैन फायरिंग प्रकरण के आरोपी फरार हैं। वहीं एएसपी का कहना है कि पुलिस टीम इस ओर लगातार काम कर रही है।