कांधला। गांव खंदरावली में हुई मोहित की हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी प्रमोद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। छानबीन में मालूम चला कि हत्याकांड में प्रमोद के दो साथी भी शामिल थे। एक हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन चोरी करने पर पीट पीटकर मोहित की हत्या की गई थी।
रविवार को कांधला थाने पर सीओ कैराना गजेंद्रपाल सिंह और थानाध्यक्ष उमेश रोरिया ने मोहित हत्याकांड का खुलासा करते हुए प्रेसवार्ता की। सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि गांव खंद्रावली निवासी मोहित नौ जुलाई को लापता हुआ था। 11 जुलाई को उसका शव गांव में ही बिजलीघर के पीछे स्थित रजवाहे की पुलिया के नीचे पड़ा मिला था।
इस मामले में मोहित के दादा बलबीर ने गांव के ही डालू और प्रमोद को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार देर रात प्रमोद को उसके घर से दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी प्रमोद ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसके चचेरे भाई सोनू का मोबाइल फोन मोहित ने चोरी कर लिया था। नौ जुलाई को सोनू ही मोहित को घर से बुलाकर लाया था। इसके बाद खेत पर ले जाकर उन तीनों ने मिलकर मोहित को पीटा, जिस कारण उसकी मौत हो गई। मोहित का शव रजवाहे की पुलिया के नीचे डाल दिया, ताकि किसी को पता न चल पाए।
सीओ ने बताया कि प्रमोद ने हत्या में अपने चचेरे भाई सोनू के शामिल होने की बात स्वीकारी है, जिसके चलते सोनू को भी विवेचना में आरोपी बना लिया गया है। फरार दोनो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही हैं, जल्दी ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।