शामली। धीमानपुरा फाटक पर शनिवार की रात बुलेट सवार दो युवकों ने ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए खड़े दो होमगार्डों की बेवजह जमकर पिटाई कर दी। इतना ही नहीं दोनों आरोपियों को थाने से जमानत भी दे दी गई। मामला शनिवार की रात धीमानपुरा फाटक का है।
यातायात व्यवस्था में लगे दो होमगार्डों ने गुरुद्वारा तिराहे की ओर से आ रहे बुलेट सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया। इस पर दोनों युवक आपा खो बैठे। कहासुनी होने पर दोनों युवकों ने होमगार्ड मांगेराम और महेंद्र की पिटाई कर दी। यातायात पुलिस ने नागरिकों की मदद से दोनों युवकों को पकड़ लिया।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस पहुंची। दोनों युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली में ले आई। कोतवाली पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। इनमें अर्पित पुत्र धर्मपाल निवासी गांव कुड़ाना और अभिषेक पुत्र सुनील निवासी गांव हाथी करौंदा अपने नाम बताए।
देर रात पीड़ित होमगार्ड मांगेराम की ओर से दोनों आरोपियों के खिलाफ ड्यूटी के दौरान सरकारी कर्मचारी पिटाई के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। देर रात ही इस मामले में दोनों युवकों को छुड़वाने के लिए सिफारिशों का दौर प्रारंभ हो गया। सुबह कोतवाली पुलिस ने दोनों युवकों को जेल भेजने के बजाय थाने से ही जमानत दे दी। साथ ही बाइक भी छोड़ दी। कोतवाली प्रभारी जेएस कालरा का कहना है कि दोनों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। उधर, एसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। साथ ही आगे भी इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
तो क्या ऐसे ही पिटते रहेंगे होमगार्ड
करीब एक माह पूर्व टिटौली निवासी होमगार्ड अनिल के साथ कार सवार युवक ने गालीगलौज तथा मारपीट कर दी थी। इस मामले में भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस आज आरोपी को खोज नहीं पाई है। शनिवार रात हुए मामले में पब्लिक की मदद से दोनों को पकड़ लिया गया, लेकिन थाने से जमानत दे दी गई। सवाल है कि आखिर क्या होमगार्ड इस तरह पिटते रहेंगे। जाहिर है इससे ओर लोगों के हौसले बुलंद होंगे।