शामली। एक दलित परिवार ने चुनाव में वोट न देने पर प्रत्याशी द्वारा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। धमकी के बाद से परिवार दहशत में है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
मामला थानाभवन क्षेत्र के गांव खेड़ागदाई का है। यहां दलित जयकुमार पुत्र बंगाली को गांव के ही दबंग ने धमकी दी। आरोप है कि रविवार को दबंग प्रत्याशी ने साथियों के साथ उसे खेत में घेर लिया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गालियां दीं।
आरोप है कि प्रत्याशी ने चुनाव में हार होने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी भी दी है। पीड़ित ने थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। थानाभवन एसओ कुलदीप सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच चुनावी रंजिश है, जिसके चलते रविवार को मामूली विवाद हुआ। मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।