शव को सड़क पर रख कर विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
शामली। शटडाउन लेकर काम कर रहे प्राइवेट लाइनमैन की विद्युत लाइन में अचानक आए करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को मेरठ-करनाल मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही सीओ, एसडीएम और विद्युत निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बरला जट निवासी बलबीर (40) विद्युत निगम में ठेकेदार के साथ बतौर प्राइवेट लाइनमैन कार्य कर रहा था। बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे वह शटडाउन लेकर गांव सिंभालका के निकट बिजली लाइन पर फाल्ट ठीक कर रहा था। तभी अचानक विद्युत लाइन में करंट आ गया। जिससे बलबीर को झटका लगा और वह खंभे से नीचे सड़क पर जा गिरा और जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। उसके साथी उसे शामली नर्सिंग होम में लेकर पहुंचे और परिजनों को भी सूचना दे दी। यहां चिकित्सकों ने बलबीर को मृत घोषित कर दिया।
गुस्साए परिजन व अन्य ग्रामीणों ने उसका शव नर्सिंग होम के सामने मेरठ करनाल मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान लोगों ने जमकर हंगामा किया और विद्यत निगम के खिलाफ नारेबाजी की। हंगामे के दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के दौरान भीषण गर्मी में राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
वाहनों से उतरकर लोग पैदल की शहर की ओर जाने लगेे। सूचना पर पहुंची पुलस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मृतक के परिजन विद्युत निगम के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ गए। एसडीएम की सूचना पर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे तो परिजन उनसे उलझ गए। आरोप लगाया कि लापरवाही से हादसा हुआ है।