कांधला। रेलवे मंडी भारसी मार्ग पर तीन बदमाशों ने युवक को पीटकर बाइक और नकदी लूट ली। पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी देकर बदमाश फरार हो गए।
थाना कांधला क्षेत्र के गांव कनियान निवासी मेहंदी हसन रविवार सुबह करीब सात बजे बाइक से कांधला आ रहा था। जब वह रेलवे मंडी भारसी मार्ग के समीप पहुंचा तो खेत से निकलकर आए तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर उसकी बाइक को रोक लिया और लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर बदमाशों ने मेहंदी हसन को पीटकर घायल कर दिया।
इसके बाद मेहंदी हसन से बाइक, चार हजार रुपये, और मोबाइल लूटकर बदमाश फरार हो गए । पीड़ित ने राहगीरों की मदद से पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर जाकर पीड़ित से वारदात के बारे में जानकारी ली, जिसके बाद बदमाशों की तलाश में चेकिंग कराई, मगर बदमाशों का सुराग नहीं मिला।
थाना प्रभारी अनुराधा सिंघल का कहना है कि घटना के संबंध में जांच की जा रही है। बदमाशों को तलाश किया जा रहा है। गौरतलब है कि गत शनिवार रात भी बदमाशों ने तीन राहगीरों को बंधक बनाकर लूटपाट की थी। पुलिस अभी उस वारदात का खुलासा कर नहीं पाई और बदमाशों ने एक और वारदात को अंजाम दे दिया।