कैराना। पुलिस अभिरक्षा से फरार मुकीम गिरोह के बदमाश डॉ. इसरार और वाजिद काला की तलाश में टीमों ने खादर क्षेत्र की खाक छानी। शनिवार रात पुलिस टीम बदमाशों की तलाश में जंगलों में घूमती रही, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
करीब तीन माह पूर्व विकासनगर कोर्ट से पेशी के बाद सहारनपुर जेल में लौट रहा मुकीम काला गैंग का बदमाश वाजिद काला निवासी जंधेड़ी कैराना पुलिस को चकमा देकर अभिरक्षा से फरार हो गया था।
जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही है। 27 अप्रैल को करनाल जेल से कैराना कोर्ट में पेशी पर लाया गया मुकीम काला गिरोह का ही डॉ. इसरार निवासी खुरगान भी लघुशंका के बहाने फरार हो गया। कुख्यात मुकीम काला गैंग के दो बदमाश फरार हुए, लेकिन पुलिस ने उन्हें नहीं पकड़ सकी।
पुलिस के लिए दोनों फरार बदमाश चुनौती बने हुए हैं। जिसके चलते क्षेत्र में ताबड़तोड़ दबिशें दी जा रही हैं। शनिवार रात चार गाड़ियों में कैराना पुलिस और स्वॉट टीम ने खादर के जंगलों में दबिश दी। इस दौरान गांव खुरगान, जंधेड़ी, पठेड़ और मुकीम काला के पैतृक गांव जहानपुरा में ताबड़तोड़ दबिश डाली। रात भर खाक छानने के बाद भी पुलिस को कोई सफलता नहीं मिल सकी। कोतवाली प्रभारी एमएस गिल ने बताया कि फरार बदमाशों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।