शामली। मोहल्ला काजीवाड़ा में रविवार को फिर से बवाल हो गया। रंजिश के चलते सभासद पक्ष के लोगों ने एक मकान को घेरकर हमला बोला। घर में तोड़फोड़ करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की। हमलावरों ने एक युवक को गोली मारकर घायल दिया, जबकि दूसरे युवक के पेट में तलवार घोंप दी। इस दौरान जमकर पथराव हुआ, जिससे मोहल्ले में भगदड़ मच गई।
मोहल्ला काजीवाड़ा में सभासद नसीम भूरा और तसलीम पक्ष के लोगों में रंजिश चल रही है। तसलीम पक्ष का आरोप है कि सभासद पक्ष के लोग गोकशी और आती जाती लड़कियों से छेड़छाड़ करते हैं। इसका विरोध करने पर वह हमला कर देते हैं। बीते 20 दिन के अंदर इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में तीन बार टकराव हो चुका है। रविवार को अपराह्न साढ़े चार बजे नसीम भूरा पक्ष के लोगों ने वैश्य धर्मशाला के पास रहने वाले दूसरे पक्ष के एक मकान पर हमला बोल दिया।
आरोपियों ने मकान में तोड़फोड़ करते हुए जमकर फायरिंग की। मौके पर पहुंचे ताहिर (19) पुत्र महफूज के पेट में हमलावरों ने तलवार घोंप दी और काला (32) पुत्र नसीम को गोली मार दी गई। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर पथराव हुआ, जिससे मोहल्ले में भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीओ सिटी निशांक शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
इसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए काजीवाड़ा और आजाद चौक इलाके में दबिश दी गई। आरोपियों में से कोई भी पुलिस के हाथ नहीं लगा। पीड़ित पक्ष की ओर से एक दर्जन से ज्यादा लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर उन्होंने कोतवाली में जमकर हंगामा भी किया।
एसपी ने की मीटिंग, लोगों से शांति बनाए रखने की अपील
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक विजय भूषण भी आजाद चौक (काजीवाड़ा) पहुंच गए। उन्होंने मोहल्ले के जिम्मेदार लोगों के साथ मीटिंग की। इस दौरान लोगों से कहा गया कि क्षेत्र की शांति बनाए रखने में सहयोग करें, यदि कोई विवाद करता या झगड़ा करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दोनों पक्षों में दोपहर में भी हुआ था पथराव
रविवार दोपहर करीब ढाई बजे भी काजीवाड़ा में दोनों पक्षों में पथराव हुआ। जिससे मोहल्ले में अफरातफरी मच गई थी। मोहल्ले के लोगांे की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मौके से जमील नामक युवक को पकड़ लिया था, लेकिन इसके बाद पुलिस ने मामले में ढील छोड़ दी। शाम होते ही एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर पर हमला बोल दिया।