शामली। नशीली चाय पिलाकर एक युवक से कुछ अज्ञात लोगों ने ई-रिक्शा, मोबाइल लूट लिया तथा फरार हो गए। राहगीरों की मदद से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रोहताश पुत्र सीदराम निवासी करमूखेड़ी ई-रिक्शा चलाता है। बताया जाता है कि तीन लोगों ई-रिक्शा में सेनेट्री का सामान लेकर वह सिंभालका की ओर जा रहा था। जैसे ही वह बुढ़ाना फाटक के पास पहुंचा तो तीनों युवकों ने उसको चाय पीने के लिए कहकर रोक दिया।
चाय पीते ही रोहताश बेहोश हो गया, जिसके बाद आरोपी ई-रिक्शा लेकर तथा उसका मोबाइल लूटकर फरार हो गए। राहगीरों ने बेहोशी की हालत में उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उसकी हालत गंभीर है। उधर कोतवाली पुलिस ने मामले की जानकारी से इंकार किया है।
ई-रिक्शा चालक का सिर फोड़ा
शामली। फव्वारा चौक के पास ई-रिक्शा चालक की छात्रों को साइड लग गई। जिसके बाद गुस्साए छात्रों ने उसका सिर फोड़ दिया। पब्लिक ने मौके पर एक छात्र को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। मामले में तहरीर दी गई है।
नगर निवासी रईस पुत्र मन्नु ई-रिक्शा चलाता है। शनिवार को वह ई-रिक्शा में सवारियों को लेकर अजंता चौकी ओर से जा रहा था। फव्वारा चौक के पास बाइक सवार दो छात्रों से उसकी ई-रिक्शा की हल्की से साइड लग गई। जिसके बाद कहासुनी हो गई। आरोप है कि छात्रों ने बाइक को रोककर उस पर हमला कर दिया। चालक की पिटाई देखकर राहगीरों ने बीचबचाव करते हुए एक छात्र को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पीड़ित की ओर से कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई है। मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी प्रवीण कुमार का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है, जांच पर कार्रवाई की जाएगी।