शामली। थाना आदर्श मंडी के गांव गोहरनी के मजरा रामगढ़ में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक को घर से बुलाकर बुरी तरह पीटा गया। बाद में युवक की मौत हो गई। युवक के पिता की ओर से छह लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
गोहरनी के मजरा रामगढ़ में एक युवक धर्मेंद्र पुत्र सदराम को गांव के ही एक व्यक्ति ने फोन कर अपने घर बुलाया। आरोप है कि उसके बाद युवक को बुरी तरह पीटा गया। इससे धर्मेंद्र की हालत बिगड़ गई तो आरोपियों ने दोबारा फोन कर धर्मेंद्र के परिजनों को बुलवा लिया। इसके बाद परिजन उसे वहां से ले गए तथा गांव के एक डाक्टर को इलाज के लिए दिखाया। लेकिन नाजुक हालत होने के कारण उसे जिला अस्पताल में रेफर कर दिया गया। परिजन रात ही युवक को शामली अस्पताल में लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर थाना आदर्श मंडी पुलिस पहुंची और परिजनों के कहने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में युवक के पिता की ओर से आरोपी चमनलाल, सुरेंद्र, पूरण, नरेंद्र और जितेंद्र के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने दो आरोपी चमनलाल और सुुरेंद्र को गिरफ्तार कर पूछताछ की।
उधर, गांव में चर्चा है कि युवक का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक को रात में ही लड़की से मिलने के लिए बुलाया गया था। वहां युवती के परिजनों ने उसे देख लिया और बुरी तरह पीटा। आदर्श मंडी थाना प्रभारी साहब सिंह का कहना है कि प्रेम प्रसंग का मामला लग रहा है। युवक को घर से बुलाकर पीटा गया, िजसमें उसकी मौत हो गई।