शामली। बैंक में नकली नोट जमा कराने पहुंची महिला के पकड़े जाने के बाद एक बार फिर खुफिया विभाग के रडार पर शामली आ गया है। महिला को तो पुलिस ने जेल भेज दिया, लेकिन मामला प्रकाश में आते ही आईबी ने भी स्थानीय पुलिस से इनपुट मांगा है।
जाली करेंसी से शामली जिले के कैराना और बनत का पूरा नाता रहा है। बनत में हवाला कारोबार के मामले प्रकाश में आते रहे हैं। तो कैराना-कांधला गठरी उद्योग के माध्यम से जाली करेंसी लाने में। शनिवार को बनत निवासी महिला अलीदा 500-500 के 93 नकली नोट चलाते हुए बैंक में पकड़ी गई। इससे एक बार फिर शामली आईबी तथा अन्य खुफिया एजेंसियों की खुफिया रडार पर आ गया।
महिला अलीदा से जनपद की खुफिया इकाई तथा पुलिस ने घंटों तक पूछताछ की। उधर सूत्रों की माने तो देर रात ही आईबी ने इस संबंध में शामली पुलिस से इनपुट मांगते हुए अलादी के संबंध में जानकारी ली।
शामली पुलिस ने अलादी के संबंध में आईबी के अधिकारियों को अवगत कराया। शनिवार को शामली पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के बाद उसका चालान कर दिया। माना जा रहा है कि आईबी के अधिकारी शामली में पकड़ी गई महिला के परिजनों से पूछताछ करेंगे और अलादी के बारे में जानकारी हासिल करेंगे। उधर, सीओ सिटी आैर क्राइम निशांक शर्मा ने बताया कि अलादी के संबंध में आईबी को जानकारी दी गई है, हालांकि शनिवार को उसको जेल भेज दिया गया है।
जाली करेंसी चलाने के मामले में महिला पर मुकदमा दर्ज
शामली। अपने खाते में नकली करेंसी जमा कराते पकड़ी गई बनत निवासी महिला अलादी के खिलाफ मैनेजर की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मेडिकल कराने के बाद चालान कर दिया।
कस्बा बनत में शुक्रवार शाम भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में महिला अलादी अपने खाते में 500-500 के 98 नोट लेकर 49 हजार रुपये जमा कराने पहुंची थी। कैशियर ने मशीन में नोट गिने तो इनमें से 93 नोट नकली पाए गए थे। कैशियर ने इस मामले की सूचना मैनेजर रामबीर को दी थी। जिसकी सूचना पर थाना आदर्श मंडी पुलिस मौके पर पहुंची महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी थी। देर रात तक इस मामले में खुफिया विभाग की टीम ने भी महिला से पूछताछ की।
उधर एसबीआई के शाखा प्रबंधक रामबीर सिंह की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद शनिवार को उसका मेडिकल कराने के बाद महिला का चालान कर दिया। वहीं, फेक करेंसी कोई भी बैंक में जमा न करा सके इसके लिए बैैंकों में भी जाली करेंसी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।