कैराना। लूट, हत्या और रंगदारी जैसे संगीन मामलों में आरोपी हैदर तीतरो को उन्नाव जेल से शुक्रवार को पेशी के लिए कैराना स्थित कोर्ट लाया गया। मुकीम काला गिरोह से हैदर की अदावत चल रही है। इस लिहाज से पुलिस भी सतर्क रही तथा कचहरी के आसपास सादे कपड़ों में पुलिस तैनात रही।
मुकीम काला गिरोह ने हैदर तीतरो के परिजनों की हत्या कर दी थी। जिसके बाद से मुकीम काला और हैदर तीतरो गैंग में ठन गई थी। मुकीम काला व उसके गिरोह के बदमाश हरियाणा की जगाधरी जेल में बंद है। जबकि हैदर तीतरो उन्नाव जेल में बंद है।
शुक्रवार सुबह उन्नाव जेल से हैदर तीतरो को लेकर पुलिसकर्मी कैराना कोतवाली पहुंचे। वहां से उसको कोर्ट में पेश करने के लिए कचहरी ले जाया गया। इस दौरान कचहरी परिसर में भी पुलिस ने चौकसी बरती।
गौरतलब है कि तीन दिन पूर्व चौसाना क्षेत्र में होमगार्ड को गोली मारकर दो रायफल लूटने के बाद पुलिस काफी सतर्क हो गई है। इसी के चलते कुख्यात बदमाशों को पेशी पर लाने के दौरान कड़ी चौकसी बरती जा रही है। उधर, कड़ी चौकसी में कोर्ट में पेशी होने के बाद हैदर तीतरों को पुलिसकर्मी उन्नाव जेल ले गए।