कैराना। जमीन के विवाद के चलते साल 2000 में कैराना के मोहल्ला आलकला में रोहताश की हत्या के बाद अपराध की आंधी चलाने वाले फुरकान के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई कर रही है, लेकिन उसके बच्चों के प्रति पुलिस की धारणा मानवता वाली है। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि फुरकान के बच्चों की परवरिश का ख्याल भी रखा जाएगा।
पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अजयपाल शर्मा ने बताया कि फुरकान के चार बच्चे हैं। उसके चारों बच्चों और पत्नी को ससुराल कैराना में ही रखा जाएगा। साथ ही बच्चों का स्कूल में एडमिशन भी कराएंगे, ताकि फुरकान के जेल जाने के बाद बच्चों पर किसी तरह का कुप्रभाव न पड़ सके और वह गलत रास्ते पर न निकलें।
फुरकान अपने परिवार को पहले गाजियाबाद फिर दिल्ली में शिफ्ट करने की तैयारी कर ली थी, लेकिन अब फुरकान गिरफ्तार कर लिया गया है, तो उसके चारों बच्चों और पत्नी को उसकी ससुराल में रखा जाएगा। फुरकान की पत्नी साढे़ चार माह की गर्भवती है। फुरकान बाइक पर पीछे अपनी पत्नी व बीच में बच्चे को साथ बैठा कर ले जाता था। ताकि पुलिस चेकिंग के दौरान आसानी से बचा जा सके।