शामली। पुलिस ने सोमवार को 50 हजार के इनामी कुख्यात फुरकान की पत्नी को भी रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उससे पूछताछ की। इनामी की पत्नी रेशमा भी कैराना में व्यापारियों से रंगदारी मांगने के दो मामलों में वांछित चल रही थी।
शनिवार को कांधला-कैराना पुलिस ने आल्दी के पास से कैराना में रंगदारी मांगने वाले कुख्यात फुरकान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। रविवार को पुलिस ने फुरकान को कोर्ट में पेश किया था, जिसके बाद अदालत ने उसको 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। फुरकान को जेल भेजने के ठीक अगले दिन सोमवार को पुलिस को फुरकान की पत्नी के बारे में सूचना मिली।
आदर्श मंडी पुलिस को मुखबिरी मिली की रेलवे स्टेशन पर फुरकान की पत्नी छिपने के इरादे से कही भागने की फिराक में खड़ी हुई है। इस पर आदर्श मंडी के एसआई सुनील कुमार मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
आदर्श मंडी पुलिस ने कैराना कोतवाल से बात की। इस पर कैराना कोतवाल राजकुमार शर्मा ने पुलिस को बताया कि फुरकान की पत्नी कैराना में मांगी गई रंगदारी के दो मामलों में 120 बी की मुल्जिम है और फिलहाल फरार चल रही है। आदर्श मंडी पुलिस ने फुरकान की पत्नी रेशमा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार फुरकान के जाने के बाद अब रेशमा दिल्ली भागने की फिराक में थी। पुलिस ने उसके पास से दो सौ रुपए बरामद किए। पुलिस के मुताबिक अब बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फुरकान के साथियों की तलाश की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर फुरकान की पत्नी रेशमा को रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया है। कैराना पुलिस के अनुसार रंगदारी के दो मामलों में वह वांछित चल रही थी
- साहब सिंह, प्रभारी थाना आदर्श मंडी।