कांधला। कक्षा-एक की छात्रा से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छात्रा स्कूल से घर लौट रही थी, तभी रास्ते में एक युवक बहला फुसलाकर अपने घर में ले गया और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। मामले में कांधला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी सात वर्षीय लड़की गांव के ही निजी स्कूल में कक्षा एक में पढ़ती है। परिजनों के अनुसार बुधवार दोपहर वह स्कूल से घर लौट रही थी। रास्ते में गांव के ही एक युवक उसको बहला फुसलाकर अपने घर में ले गया और उससे दुष्कर्म किया। बदहवास हालत में गांव के बाहर एक सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गया। काफी देर बाद तक जब बच्ची घर पर नहीं पहुंची, तो परिजन खोजबीन करने में लगे।
गांव के बाहर बालिका को बेहोश पड़ी देखकर ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने गांव के ही निजी चिकित्सक के यहां पर उसका उपचार कराया। होश में आने पर पीड़िता ने मामला परिजनों को बताया। परिजन ग्रामीणों के साथ शाम को कांधला थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी।
थानाध्यक्ष नरेश कुमार यादव का कहना है कि आरोपी युवक सागर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी गांव से फरार हो गया है, उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।