चौसाना। क्षेत्र के गांव नाई नगला नवीन में रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर फायरिंग व पथराव हुआ, इसमें एक पक्ष से महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को ऊन चिकित्सालय में भर्ती कराया।
गांव नाई नगला नवीन में शौकीन प्रधान और मुकीम पक्ष के बीच रंजिश चली आ रही है। पहले भी कई बार दोनों पक्षों में फायरिंग व खूनी संघर्ष हो चुका है। बृहस्पतिवार की शाम करीब पांच बजे शौकीन पक्ष का अफजाल ट्रैक्टर से अपने घर आ रहा था कि तभी मुकीम पक्ष का युवक सामने से बाइक लेकर आ गया।
इस दौरान साइड देने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। उस समय वहां मौजूद लोगों ने दोनों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के लोग लाठियां व धारदार हथियार लेकर आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों ओर से फायरिंग व लाठियां चलीं और पथराव हुआ।
इसमें शौकीन पक्ष से मुकर्रम पुत्र इंतजार, अफजाल पुत्र शौकत, मोबीन पुत्र शौकत व आमना बेगम पत्नी जुल्फा घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और घायलों को ऊन चिकित्सालय में भर्ती कराया। चौकी इंचार्ज का कहना है कि अभी किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।