शामली के थानाभवन क्षेत्र के गांव देवीपुरा में शराब माफिया को पकड़ने गई आबकारी टीम और पुलिस पर शराब माफिया ने हमला कर दिया। हमलावरों ने फायरिंग करते हुए माफिया को छुड़वा लिया और आबकारी के सिपाही की बाइक को आग के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची अतिरिक्त फोर्स ने माफिया को खदेड़ा। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
सोमवार की दोपहर करीब 3.30 बजे आबकारी टीम के इंस्पेक्टर जनेश्वर कुमार त्रिपाठी आबकारी पुलिस के साथ गांव देवीपुरा में कच्ची शराब बिकने की सूचना पर माफिया को पकड़ने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ पहुंचे। इस दौरान आबकारी ने माफिया और उसके पुत्र को पकड़ लिया। इसी दौरान भीड़ ने महिलाओं की आड़ में आबकारी टीम और पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया। भीड़ के बीच से कुछ युवकों ने आबकारी और पुलिस पर फायरिंग करते हुए दोनों आरोपियों को छुड़ा लिया। भीड़ ने आबकारी सिपाही की बाइक में आग लगा दी और माफिया और उसके पुत्र को छुड़ा लिया। हमले में आबकारी टीम के इंस्पेक्टर दिनेश्वर कुमार त्रिपाठी, सिपाही मोहित व पंकज, सिपाही श्रीकांत को चोटें आई। आबकारी और पुलिस पर हमला करने की सूचना पर जिला पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कई थानों की फोर्स को मौके पर भेजा गया, लेकिन तब तक हमलावर मौके से फरार हो गए। देर शाम तक मामले में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी चल रही थी।
आबकारी और पुलिस शराब माफिया को पकड़ने के लिए गई, कुछ लोगों ने महिलाओं की आड़ में फायरिंग करते हुए दोनों आरोपियों को छुड़ा लिया और आबकारी सिपाही की बाइक में आग लगा दी। मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है
-कृष्णपाल सिंह
थानाध्यक्ष थानाभवन
--------------
हमारी टीम गांव में शराब बेचे जाने की सूचना पर पहुंची थी और दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया था, लेकिन शराब माफिया के साथियों वन उनकी महिलाओं ने आबकारी व पुलिस पर हमला कर बाइक में आग लगा दी और दोनों आरोपियों को छुड़ा लिया
-राकेश बहादुर सिंह
जिला आबकारी अधिकारी