शामली। लिलौन में बिट्टू की हत्या के मामले में मृतक के भाई की ओर से छह को नामजद करते हुए आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी महिला और उसकी पुत्री को गिरफ्तार कर लिया। बाकी आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
शहर कोतवाली के गांव लिलौन में रविवार रात बिट्टू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद परिजनों ने इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा कर दिया था और शव नही उठने दिया था। सूचना पर पहुंचे एएसपी अनिल कुमार झा द्वारा जल्द ही गिरफ्तारी की बात कहने पर परिजन माने थे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। रात में ही इस मामले में पुलिस ने मृतक के भाई संजीव की तहरीर पर शकुंतला, बेबी, संदीप आदि सहित छह को नामजद करते हुए और दो अज्ञात समेत आठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
पुलिस ने कार्रवाई करते आरोपी शकुंतला, बेबी, संदीप, विरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ के बाद दोनों का चालान कर दिया। पुलिस के अनुसार मामले अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं,पोस्टमार्टम के बाद बिट्टू का शव लिलौन में पहुंचा जहां पर परिजनों में कोहराम मचा हुआ था। जिसके बाद उसके शव का श्मशान घाट में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान पुलिस भी सुरक्षा में तैनात रही।
पुलिस विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है शकुंतला
मृतक के परिजनों ने बिट्टू की हत्या का मुकदमे में शकुंतला भी हत्या का षड़यंत्र रचने की आरोपी है। शकुंतला पुलिस विभाग में चतुर्थ श्रेणी की कर्मचारी है और कोतवाली के मैस में खाना भी बनाया करती थी। कोतवाली प्रभारी प्रवीण कुमार के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है तथा इसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए भी लिखा गया है।