शामली। हरियाणा से आए किसान को कृषि भूमि दिखाकर उससे 18 लाख रुपये ले लिए गए और इकरारनामा दूसरी जमीन का करा दिया गया। आरोपियों से जमीन मांगी गई तो किसान के साथ मारपीट पर उतर आए। पीड़ित ने शासन को शिकायत भेजी तो मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जसपाल सिंह निवासी विकास कॉलोनी करनाल को नासिर और इमरान सहित नौ लोगों ने जमीन दिलाने के नाम पर बुलवाया। उन्होंने मार्च 2012 में जमीन का इकरारनामा करा दिया और उससे 18 लाख रुपये ले लिए।
जसपाल सिंह को पता चला कि जो जमीन उसको पहले दिखाई गई थी और जिस जमीन का उसके नाम इकरारनामा किया गया दोनों अलग-अलग हैं। पहली जमीन उपजाऊ थी और जिसका इकरारनामा किया गया वह यमुना नदी में है। शुरू में आरोपी रुपये देने की बात भी कहने लगे, लेकिन चार साल बीतने को हैं, लेकिन आज तक न तो जमीन दी और न ही रुपये दिए।
पुलिस ने भी शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की। जसपाल सिंह ने मामले की शिकायत केबिनेट मंत्री बलवंत सिंह से की तो मंत्री ने मुख्यमंत्री को इस संदर्भ में पत्र लिखा। मुख्यमंत्री कार्यालय से मामले में जांच कर कार्रवाई के आदेेश दिए गए हैं। बुधवार को पीड़ित एसपी कार्यालय पर पहुंचे। एसपी ने पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।