शामली। नोटबंदी के दौरान बनत के भारतीय स्टेट बैंक में जाली नोट जमा कराने का प्रयास करने वाली महिला के खिलाफ पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी। जबकि इस मामले में पुलिस अभी तक भी दूसरे आरोपी का पता नहीं लगा सकी है।
आठ नवंबर को नोटबंदी की घोषणा होने के बाद बैंकों में पुरानी करेंसी बदली जा रही थी। दिसंबर माह में एक महिला बनत एसबीआई में 500-500 रुपये के 97 नोट जमा कराने के लिए
पहुंची थी। जांच करने पर इनमें से 93 नोट नकली पाए गए थे। सूचना पर थाना आदर्श मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया था।
इस मामले में शाखा प्रबंधक की तरफ से महिला बूंदी निवासी बनत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी थी।
जांच के दौरान बबलू निवासी सहारनपुर का नाम भी प्रकाश में आया था। जिसके बाद से पुलिस उस युवक की तलाश में लग गई थी, लेकिन आज तक उसका सुराग नहीं लग सका है।
उधर, पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। वहीं, इस मामले के बारे में थाना प्रभारी साहब सिंह का कहना है कि बबलू की तलाश की जा रही है। उसका सुराग लगते ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।