शामली। व्यापारी से रंगदारी मांगने के मामले में बृहस्पतिवार को नया मोड़ आ गया। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद तनाव में आकर आरोपी संजय संगल ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने बेहोशी की हालत में उसे एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया है। सूचना पर शामली कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
शामली के कमला कॉलोनी निवासी व्यापारी आलोक कंसल ने सोमवार को नाला रोड नया बाजार निवासी संजय संगल के खिलाफ रंगदारी मांगने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से कोतवाली पुलिस मामले की गंभीरता से जांच करने में लगी है। पुलिस ने बुधवार को पीड़ित व्यापारी आलोक कंसल का बयान भी दर्ज किया था।
पुलिस को दिए बयान में आलोक कंसल ने तहरीर में संजय संगल पर लगाए आरोपों को दोहराया था। वहीं, बृहस्पतिवार को शाम करीब पांच बजे संजय संगल को उसके परिजनों ने बेहोशी की हालत में कैराना रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया। सूचना पर शामली कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया भी पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने संजय संगल को मेरठ रेफर कर दिया।
डॉक्टरों का कहना है कि संजय बेहोशी की हालत के कारण यह नहीं बता सका कि उसने क्या खाया है। हो सकता है कि नींद की गोलियां खाई हो या फिर कोई जहरीला पदार्थ खाया हो। कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि संजय को मेरठ रेफर कर दिया है। अभी मालूम नहीं चल सका है कि उसने क्या खाया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। इसकी जांच की जाएगी।
रंगदारी मामले की विवेचना जारी
व्यापारी आलोक कंसल से रंगदारी मांगने के मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस विवेचना करने में लगी हुई है। पीड़ित व्यापारी ने पुलिस को दर्ज कराए बयान में संजय संगल पर रंगदारी मांगने का आरोप तो लगाया, लेकिन रंगदारी मांगने के संबंध में पुलिस को साक्ष्य पेश नहीं किया है। इसी वजह से रिपोर्ट दर्ज होने के दो दिन बाद भी पुलिस ने आरोपी संजय संगल को गिरफ्तार नहीं किया था।