कैराना। कोतवाली क्षेत्र के गांव रामड़ा में खेत की डोल काटने के विवाद में दो पक्षों में संघर्ष हो गया। इस दौरान दोनों ओर से धारदार हथियार और लाठी डंडे चले, जिसमें दोनों पक्षों के आठ लोग घायल हो गए। बाद में दोनों पक्षों के लोग कोतवाली पहुंचे, जहां पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया।
शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे गांव निवासी अंगद और सतेंद्र पक्ष के बीच डोल काटने को लेकर विवाद हो गया। उस समय तो गांव के जिम्मेदार लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत करा दिया। थोड़ी देर बाद ही दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी डंडे और धारदार हथियार चले, जिसमें दोनों पक्षों से अंगद, उसके चार पुत्र मनोज, राजेश, नेत्रपाल, राजेंद्र, सतेंद्र, अमित और अजय घायल हो गए। बाद में दोनों पक्षों के लोग कोतवाली पहुंचे।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी बीपी सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। उधर, शुक्रवार को गांव जंधेड़ी में झगड़े की सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची और सहारनपुर के गांव थावानी निवासी सरवेज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सरवेज का शांतिभंग में चालान कर जेल भेज दिया।