झिंझाना। गांव लपराना र्में ईंट भट्ठा स्वामी से बदमाशों ने फोन पर आठ लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। पुलिस को सूचना देने पर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी गई। पीड़ित ने थाना झिंझाना में तहरीर देकर जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
गांव लपराना में शरद कुमार पुत्र राजवीर सिंह का शिव ब्रिक फील्ड के नाम से ईंट भट्ठा है। सोमवार को थाना झिंझाना पहुंचे भट्ठा स्वामी ने तहरीर देकर बताया कि रविवार को उसके फोन पर अज्ञात बदमाश ने फोन किया और आठ लाख रुपयों का इंतजाम करके रखने को कहा है। फोन करने वाले ने कहा कि उसका आदमी रुपये उससे ले जाएगा। फोन करने वाले ने यह भी धमकी दी कि यदि पुलिस को सूचना दी तो अंजाम भुगत लेना।
पीड़ित ने बताया कि तभी से उसका परिवार दहशत में है। थाना प्रभारी अवनीश गौतम ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। तहरीर के आधार पर फोन कि कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है। उधर, सूत्रों का यह भी कहना है कि धमकी वाला फोन जेल में बंद एक शातिर बदमाश का है। फोन जेल से किया गया है।