शामली। अपर दोआब शुगर मिल शामली में बायलर के पास पंप ठीक करते समय ऊंचाई से गिरने पर मजदूर की मौत हो गई। मजदूर के परिजनों ने हंगामा प्रदर्शन किया। मृतक आश्रित को नौकरी दिलाने और आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की।
शामली के राजो मोहल्ला निवासी शमीम (58 वर्षीय) अपर दोआब शुगर मिल में नौकरी करता था। बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह बायलर के पास पंप ठीक कर रहा था। इसी दौरान वह गिर गया। आरोप है कि काफी देर तक शमीम वहीं पड़ा रहा तथा मिल प्रबंधन की तरफ से उसे समय से उपचार नहीं दिलाया जा सका।
बाद में साथी मजदूरों ने उसको शामली सीएचसी पहुंचाया, तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर शमीम के परिजन भी सैकड़ों लोगों के साथ मौके पर पहुंच गए।
इसके बाद शमीम का शव शुगर मिल में प्रशासनिक कार्यालय के पास ले जाकर रख दी और हंगामा प्रदर्शन शुरू कर दिया। मिल प्रबंधन को मौके पर बुलाने की मांग करते रहे। सूचना पर शामली कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। परिजनों की मांग थी कि मृतक आश्रित को स्थायी नौकरी दी जाए।
बाद में मिल प्रबंधन की ओर से आश्वासन दिया गया कि पीड़ित परिवार को बीमा की धनराशि दिलाई जाएगी तथा परिवार के सदस्य को डेली वेजेज के रूप में कार्य दिया जाएगा। शाम करीब सात बजे तक हंगामा शांत हुआ। इसके बाद पुलिस ने शमीम का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।