कांधला। नशे के आदी हो चुके पुत्र को पिता ने शराब पीने से रोका तो उसने चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से घायल हुए पिता की आवाज सुनकर मां उसे बचाने आई तो युवक ने उसे भी घायल कर दिया। घायल दंपति को अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना क्षेत्र के गांव सल्फा निवासी अवधेश शराब पीने का आदी है। रविवार शाम उसने जमकर शराब पी और नशे में धुत होकर अपने घर पहुंच गया। अवधेश को शराब के नशे में देखकर पिता ब्रह्मपाल ने ऐसा न करने की हिदायत दी। इस पर बेटा आपा खो बैठा और पिता को पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान युवक ने चाकू उठाया और पिता पर हमला बोल दिया।
चीखपुकार सुनकर मां बाला बीचबचाव कराने पहुंची तो युवक ने उसे भी चाकू मारकर घायल कर दिया। शोर शराबा होने पर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गया।
परिवार के लोगों ने घायल दंपति को सीएचसी में उपचार के लिए भर्ती कराया। पिता ने पुत्र के खिलाफ थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान ने बताया कि पिता के द्वारा दी गई तहरीर देकर के आधार रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी अवधेश का चालान कर जेल भेज दिया गया है।