हाइकोर्ट के आदेश के बाद हाइवे स्थित कई दुकानें बंद कर दी गईं, लेकिन दूसरे स्थानों पर खुली दुकानों पर अब मनमानी होने लगी है। सेल्समैन प्रिंट वैल्यू से 40 रुपए तक अधिक वसूल रहे हैं, जिससे अक्सर सेल्समैन और ग्राहकों में नोकझोंक हो रही है।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद रुद्रपुर में हाइवे पर बनी अंग्रेजी शराब की तीन दुकानों को बंद कर दिया है, लेकिन ट्रांजिट कैंप क्षेत्र हाईवे से अछूता होने के कारण यहां बनी अंग्रेजी शराब की दुकान पूर्व की भांति चल रही है। शहर में एकमात्र अंग्रेजी शराब की दुकान बची है। इसका फायदा उठाकर 40 से 50 रुपये तक अतिरिक्त वसूला जा रहा है। मामले में एसओ ट्रांजिट कैंप सुशील कुमार का कहना है कि दुकान में ओवररेट शराब बेचे जाने की शिकायत मिली थी। दुकान स्वामी के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए एसएसपी को पत्र भेजा गया है।
एनएच की बंद दुकानों का भी खपाया जा रहा स्टॉक
रुद्रपुर। मार्च के बाद शराब की दुकानों के नए टेंडर होने के कारण दुकानों पर काफी कम स्टॉक रहता है, जिसे नये टेंडर होने तक दुकान स्वामी को खपाना होता है, लेकिन ट्रांजिट कैंप स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान में इसके बाद भी स्टॉक की कोई समस्या नहीं है। सूत्रों के अनुसार हाईकोर्ट के आदेश के बाद एनएच पर बंद हुई तीन अंग्रेजी शराब की दुकानों का स्टॉक भी यहीं खपाया जा रहा है जिससे यहां स्टॉक खत्म होने की समस्या नहीं है।
हाईकोर्ट के आदेश पर यहां बंद हुई दुकान
रुद्रपुर। कुछ समय पूर्व हाईकोर्ट द्वारा आदेश पारित किया गया था कि एनएच पर 500 मीटर के दायरे में कोई भी शराब की दुकान संचालित नहीं होगी जिसके बाद रुद्रपुर में गाबा चौक, गल्ला मंडी, रोडवेज के सामने स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान को बंद कर दिया गया। इसके साथ ही गाबा चौक, रंपुरा और गल्ला मंडी स्थित देशी शराब की दुकानों पर भी ताले लटक गये हैं।