थानाभवन। ससुराल से घर लौट रहे बाइक सवार दंपति से दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने हथियारों के बल पर लूटपाट की। इस दौरान पति ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसको गोली मार दी। गोली की आवाज पर एकत्र हुए ग्रामीणों को देख दो बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए, जबकि एक बदमाश को दबोच लिया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। एएसपी ने घटनास्थल का मुआयना किया।
थानाभवन क्षेत्र के गांव खेड़ागदाई निवासी प्रदीप पुत्र जिंदरपाल शनिवार को अपनी ससुराल गंगोह से पत्नी मंजू व बच्ची के साथ भनेड़ा नहर की पटरी से गांव आ रहा था। समय 12 बजे जैसे ही वह पीर के पास पहुंचा तो पीछे से तीन बाइक सवार बदमाशों ने आकर उनको रोक लिया और तमंचों से आतंकित करते हुए बाइस हजार रुपये नगद और प्रदीप की पत्नी से चेन, अंगूठी लूट ली। बदमाश जब उसकी बाइक छीनने लगे तो प्रदीप ने विरोध किया। जिस पर बदमाशों ने उस पर गोली चला दी।
गोली प्रदीप के हाथ और कान पर लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा। पति को लहूलुहान देख पति को बचाने के लिए पत्नी मंजू देवी पति के ऊपर गिर पड़ी और चिल्लाने लगी। महिला की चीख और गोली की आवाज सुनकर खेतों पर काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और बदमाशों को घेर लिया।
इस बीच मौका मिलते ही दो बदमाश अपनी बाइक छोड़कर भाग गए, जबकि एक बदमाश को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई की। घटना की सूचना 100 नंबर व थानाभवन पुलिस को दी। मामले की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार त्यागी थाना प्रभारी अनुराधा सिंघल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल प्रदीप को स्थानीय चिकित्सालय भेज दिया।
पुलिस ने पकड़े गए बदमाश को हिरासत में लेकर ग्रामीणों के साथ जंगलों में फरार बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन उनका सुराग नहीं लग सका। वहीं ग्रामीणों की पिटाई से घायल बदमाश का भी सरकारी अस्पताल में उपचार कराया।
उधर, प्रदीप की गंभीर हालत के चलते जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। पीड़ित के भाई ने परमजीत की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी। एएसपी ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और बदमाशों को अति शीघ्र गिरफ्तार करने के आदेश दिए।