जाट आरक्षण के चलते पुलिस ने धरनास्थल और आसपास के इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए हैं, जबकि शहर की सुरक्षा रामभरोसे है। पुलिस की व्यस्तता का फायदा उठाकर चोर पिछले एक सप्ताह से कई बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुकी है। वीरवार रात को कुंजपुरा रोड स्थित एक दुकान से लाखों रुपये के उपकरण चुरा लिए थे। चोरों ने दुकान में रखा लैपटॉप व आठ हजार रुपये की नगदी चुरा ली थी। शुक्रवार रात को भी चोरों ने उसी दुकान को अपना निशाना बनाया है। पहले रात को चोरी की घटनाएं ज्यादा होती थी, लेकिन अब तो चोर दिन में भी चोरी करने से नहीं डरते।
सप्ताहभर में कई बड़ी वारदात
सप्ताहभर से चोर शहर में कई बड़ी वारदात को अंजाम दे चुके हैं। 13 फरवरी को दिनदहाड़े चोरों ने जीटी रोड स्थित कृषि विश्वविद्यालय के सेंटर के दो क्वार्टरों का ताला तोड़कर 14 तोले सोने सहित 75 हजार रुपये की नगदी चोरी की थी। 13 फरवरी को चोरों ने शिव कालोनी गली नंबर 9 के मकान नंबर 4342 का ताला तोड़कर विदेशी मुद्रा सहित लाखों रुपये के गहने चोरी किए थे। 13 फरवरी को चोरों ने गांव छापर में एक मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने के गहने और 80 हजार रुपये की नगदी चुराई थी। 6 फरवरी को चोरों ने माल रोड रेस्ट हाउस के बाहर खड़ी गाड़ी से बैग चोरी हो गया था।
बैग में सोने के गहने सहित अन्य सामान था। 12 फरवरी को भी चोरी कलंदरी गेट में एक स्कूटी से महिला का पर्स उठाकर फरार हो गए थे। 10 फरवरी को चोरों ने पुरानी सब्जी मंडी में सीसीटीवी की तार काटकर, दीवार तोड़कर दुकान से 70 हजार रुपये चुराए थे। वहीं उसी दिन चोरों ने लाड़ो बगड़ी में एक घर का ताला तोड़कर सोने के आभूषण सहित 18 हजार कैश पर हाथ साफ किया था। चोरों ने जीटी रोड स्थित हवेली होटल के बाहर खड़ी ऑडी गाड़ी से चोरों ने एक पर्स और बैग चुरा लिया। इसमें करीब चार लाख रुपये सहित लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी किए थे।
रुक गए लोगों के काम
प्रशासनिक अधिकारियों के जाट आरक्षण आंदोलन के कारण ड्यूटी में व्यस्त होने से लोगों के अधिकतर काम बाधित हो रहे हैं। दूर-दूर के गांवों से अपने कामों को लेकर आने वाले लोगों को अधिकारी न मिलने के कारण उनके काम रुक जाते हैं। ऐसे में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।