कैराना। पानीपत से लिफ्ट लेकर कार में सवार हुए दो बदमाशों ने गांव मन्नामाजरा के पास ड्राइवर को बेहोश कर इनोवा कार लूट ली। बदमाश ड्राइवर को बेहोशी की हालत में सड़क किनारे डालकर फरार हो गए। ड्राइवर कार मालिक के साथ कोतवाली पहुंचा घटना की तहरीर दी।
पानीपत निवासी कृष्ण कुमार पानीपत के ही दिनेश कुमार की गाड़ी पर ड्राइवर है। रविवार सुबह वह इनोवा कार लेकर मुजफ्फरनगर से दिनेश के रिश्तेदार को लेेेेने के लिए पानीपत से चला। जब वह पानीपत में बवेल नाका के पास पहुंचा तो दो युवकों ने शामली जाने के लिए कार में लिफ्ट ले ली। ड्राइवर के अनुसार जैसे ही वह मन्नामाजरा के पास पहुंचा तो एक बदमाश ने शौच जाने का बहाना कर कार रुकवा ली।
कुछ देर बाद लौटे बदमाश ने ड्राइवर से हाथ धोने के लिए पानी मांगा। ड्राइवर ने गेट खोलकर उसके हाथ धुलवाने शुरू किए। इसी बीच चालक के बराबर की सीट पर बैठे दूसरे बदमाश ने उसके चेहरे पर नशीला स्प्रे डाल दिया। जिसके बाद कृष्ण कुमार बेहोश हो गया। बदमाश ड्राइवर को बेहोशी की हालत में सड़क किनारे डालकर मौके से कार लेकर फरार हो गए।
काफी देर के बाद होश में आने पर कृष्ण कुमार ने राहगीर से मोबाइल लेकर कार मालिक दिनेश को सूचना दी। जिसके बाद दिनेश तथा अन्य लोग कृष्णकुमार को लेकर कोतवाली में पहुंचे तथा सारी बात बताई। पीड़ित ने दो अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध तहरीर दी है। उधर, इस मामले के बारे में कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।