अमर उजाला ब्यूरो
इस्माइलाबाद।
गांव अजरावर स्थित एक राइस मिल के चौकीदार को बंधक बनाकर लुटेरे हजारों रुपये का सामान लूटकर ले गए। पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अनपूर्णा राइस मिल के मालिक सतीश कुमार ने बताया कि वे शाम को राइस मिल ठीक प्रकार से चौकीदार फुलाराम के हवाले करके अपने घर चले गए थे। सुबह जब वे राइस मिल में आए तो उन्होंने देखा कि चौकीदार एक कमरे में बंद है। उन्होंने उस कमरे को खोलकर चौकीदार को बाहर निकाला। चौकीदार फुलाराम ने उन्हें बताया कि रात्रि को कुछ व्यक्ति आए और उसको जबरदस्ती बंधक बनाकर कमरे में बंद कर दिया और राइस मिल में लगे ट्रांसफार्मर का सामान और टूल्लू पंप आदि ले गए। सतीश कुमार की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।