झिंझाना। मजदूरी कर लौट रहे दो युवकों को बदमाशों ने हथियारों के बल पर लूटपाट और खेत में बांधकर फरार हो गए। किसी तरह बंधन मुक्त होकर पीड़ितों ने थाना झिंझाना में सूचना दी। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में जंगल में कांबिग की लेकिन सफलता नहीं मिली है।
बृहस्पतिवार शाम लगभग सात बजे मोमीन निवासी मोहल्ला शेखोमैदान झिंझाना, व वसीम निवासी नई बस्ती कांधला गांव मंसूरा से मजदूरी कर बाइक से झिंझाना लौट रहे थे। गांव बेदखेड़ी के तिराहे के निकट पहुंचे तो खेतों से निकलकर आए तीन चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। तमंचों के बल पर वसीम से छह हजार नकद और मोबाइल लूट लिया। मोमीन से बाइक, 1900 रुपये नकद, मोबाइल लूट लिया। इसके बाद उनके कपड़ों से हाथ मुंह बांधकर पास के खेत में डालकर फरार हो गए।
लगभग दो घंटे के बाद दोनों बंधकों ने अपने आप को मुक्त कर थाना झिंझाना पहुंच कर लूट की सूचना दी। उधर, थाना प्रभारी बीपी सिंह ने बताया की पीड़ित की तहरीर पर बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।