शामली। इंडियन ओवरसीज बैंक के एटीएम से 18.37 लाख रुपये चोरी करने के मास्टर माइंड बैंक की बंतीखेड़ा शाखा के प्रबंधक रोबिन बंसल को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से 14.36 लाख रुपये बरामद हुए हैं। इस दौरान जांच में उसका करीब पांच करोड़ रुपये का फर्जीवाड़ा भी सामने आया है। उसने किसानों और अन्य ग्राहकों के फिक्स डिपॉजिट पर ऋण स्वीकृत कर रकम अपने रिश्तेदारों के खातों में डाल दी। मामले का खुलासा होने के बाद शाखा प्रबंधक रोबिन बंसल, बैंक के सेकंड आफिसर विवेक कुमार और कैशियर रोहताश को निलंबित कर दिया गया है।
शामली में गत चार मार्च को धीमानपुरा स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक के एटीएम से तकनीकी खराबी दूर करने के नाम पर कंपनी का कर्मचारी बनकर एक युवक ने 18.37 लाख रुपये चोरी कर लिए थे। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने 21 सितंबर को गांव बंतीखेड़ा निवासी चेतन को गिरफ्तार किया। चेतन ने पुलिस को बताया था कि चोरी के बाद उसने कैश इंडियन ओवरसीज बैंक की बंतीखेड़ा शाखा के प्रबंधक रोबिन बंसल को दे दिया था।
पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को रोबिन बंसल निवासी मोहल्ला गुजरातियान (शामली) को गुरुद्वारे तिराहे से गिरफ्तार कर लिया गया। एटीएम कैश की चोरी की जांच के दौरान खुलासा हुआ है कि रोबिन बंसल ने बंतीखेड़ा शाखा में भी फर्जीवाड़ा किया है। बैंक के जोनल ऑफिस की टीम की जांच में उसका करीब पांच करोड़ रुपये का फर्जीवाड़ा सामने आया है।
इंडियन ओवरसीज बैंक शामली के शाखा प्रबंधक नितेश कुमार ने बताया कि बंतीखेड़ा शाखा में किसानों और अन्य ग्राहकों की फिक्स डिपॉजिट पर फर्जी तरीके से लोन लेने की जांच जोनल ऑफिस से हो रही है। फर्जी ऋण की धनराशि करीब साढ़े चार करोड़ रुपये से ज्यादा है। किसी ग्राहक की एफडी पर 20 लाख तो किसी की एफडी पर 30 लाख रुपये तक ऋण लिया गया। मामले की सूचना आरबीआई को भेजी गई है। उच्च स्तर से इसकी जांच सीबीआई को भिजवाई जाएगी।